Featureछत्तीसगढ़

महतारी वंदन योजना बनी आत्मनिर्भरता की नई पहचान

योजना की राशि से पुष्पा ने सिलाई व्यवसाय को दी नई ऊँचाई

रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना मुंगेली जिले की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में नई ऊर्जा प्रदान कर रही है। जिले की अनेक महिलाएं इस राशि का उपयोग स्वरोजगार एवं परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रही हैं। इसी कड़ी में ग्राम सारधा की श्रीमती पुष्पा साहू महतारी वंदन योजना से प्रतिमाह प्राप्त होने वाली एक हजार रुपये की राशि का उपयोग अपने सिलाई कार्य में कर रही हैं। योजना से मिलने वाली नियमित सहायता से उन्होंने सिलाई के लिए आवश्यक सामग्री एवं अन्य जरूरतों की पूर्ति कर अपने कार्य को आगे बढ़ाया है। इससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है।

पुष्पा साहू ने बताया कि पहले सीमित संसाधनों के कारण सिलाई कार्य को नियमित रूप से आगे बढ़ाना कठिन था, लेकिन अब योजना से मिलने वाली राशि उनके लिए बड़ा सहारा बन गई है। इससे वे अपने हुनर का बेहतर उपयोग कर रही हैं और घर बैठे रोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास और सम्मान को बढ़ाने वाली योजना है। इससे महिलाओं को अपनी क्षमता के अनुसार स्वरोजगार अपनाने और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भागीदारी निभाने का अवसर मिल रहा है। श्रीमती पुष्पा साहू ने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Related Articles

Back to top button