
जींद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से सोनीपत के लिए देश की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ऐतिहासिक शुरुआत के साथ भारत हाइड्रोजन ईंधन से ट्रेन संचालन करने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया। इससे पहले जर्मनी, फ्रांस, स्वीडन और चीन में हाइड्रोजन ट्रेनें संचालित हो रही हैं।
दस कोच वाली यह हाइड्रोजन ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच 89 किलोमीटर की दूरी लगभग दो घंटे में तय करेगी। ट्रेन इस मार्ग पर 14 स्टेशनों से होकर गुजरेगी और इसकी अधिकतम गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। यात्रियों के लिए किराया पांच से 25 रुपये के बीच रखा गया है। करीब 112 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना में ट्रेन को हाइड्रोजन तकनीक से लैस करने के साथ जींद में हाइड्रोजन उत्पादन, स्टोरेज और ईंधन भरने का केंद्र की आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
ट्रेन का डिजाइन और इंटीग्रेशन चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) में किया गया है, जबकि हाइड्रोजन प्रोपल्शन सिस्टम का विकास मेधा सर्वो ड्राइव्स ने किया। ग्रीनएच इलेक्ट्रोलिसिस ने जींद में हाइड्रोजन उत्पादन औरईंधन भरने का केंद्र स्थापित करने में साझेदारी की है।
जींद रेलवे स्टेशन के पास देश का पहला हाइड्रोजन स्टोरेज और ईंधन भरने का प्लांट बनाया गया है, जहां प्रतिदिन इलेक्ट्रोलिसिस तकनीक से लगभग 430 किलोग्राम हाइड्रोजन का उत्पादन होगा। प्लांट में 3,000 किलोग्राम हाइड्रोजन भंडारण की क्षमता है, जबकि ट्रेन में एक बार में लगभग 440 किलोग्राम हाइड्रोजन भरी जा सकेगी।
ट्रेन को रवाना करने के बाद प्रधानमंत्री ने जनसभा को भी संबोधित किया तथा एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, दो मेडिकल कॉलेज सहित नौ विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री मोदी का हरियाणा की करीब पौने तीन करोड़ जनता की ओर से स्वागत करते हुए कहा कि आज का दिन पूरे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि यह केवल परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास का कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित भारत के अमृत संकल्प और राष्ट्र निर्माण की सामूहिक चेतना का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरित ऊर्जा के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन हरियाणा के जींद से शुरू हो रहा है। यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और हरियाणा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाला कदम है।
श्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने नई दिशा और नई पहचान हासिल की है। उन्होंने कहा कि पहले भारत तकनीक के लिए दुनिया की ओर देखता था, जबकि आज दुनिया भारत की तकनीक, नवाचार और विकास मॉडल को अपनाने की ओर अग्रसर है। वैश्विक निवेशकों का भारत पर बढ़ता भरोसा इसकी सबसे बड़ी मिसाल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत को एक मजबूत, आत्मनिर्भर और तेजी से विकसित होते राष्ट्र के रूप में देख रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश संकल्प से सिद्धि की ओर निरंतर आगे बढ़ रहा है।



