
देवास/नई दिल्ली, चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर मचे बवाल के बीच पीएम मोदी ने कहा है कि उनकी ताकत लोगों से मिलने वाला आशीर्वाद है। पीएम मोदी ने कहा कि उनकी जिंदगी ही इसी से चली है। मोदी ने गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक निकाली जा रही ‘सेवा संकल्प यात्रा’ में शामिल प्रतिभागियों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संवाद में यह बात कही। प्रतिभागी मध्य प्रदेश के देवास में मौजूद थे।
अलग-अलग राज्यों के युवाओं की भागीदारी वाली यह यात्रा मोदी के 76वें जन्मदिन और निर्वाचित जनप्रतिनिधि के तौर पर उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर निकाली जा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा,’गुजरात से लेकर दिल्ली तक सेवा ही हमारी शासन व्यवस्था और संस्कारों का मूल भाव रही है और जब शासन के मूल में सेवा का भाव होता है, तो हर नीति के केंद्र में नागरिक देवो भव का संकल्प होता है।’
मोदी ने कहा,’हमारे आचरण से लोगों को पता चले कि राजनीति में हमें कितनी ही बड़ी सत्ता क्यों न मिल जाए, लेकिन हमारा मूल मार्ग सेवा का ही रहेगा। हम कभी भी सेवा के मार्ग से विचलित नहीं होंगे, भले ही हम कितने ही ऊंचे शिखर पर पहुंच जाएं।’ उन्होंने कहा कि सेवा भाव से किए गए कामों को लोग याद रखते हैं और सेवा करने वाले व्यक्तियों को आशीर्वाद देते हैं। उन्होंने ‘सेवा यात्रियों’ से कहा कि लोगों की सेवा ही उनका मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘लोगों की सेवा करके अपने आचरण से सेवा का संदेश दीजिए। सेवा परमो धर्मः, हम इस भाव के साथ आगे बढ़ेंगे।’

आशीर्वाद से ही चली मेरी जिंदगी: मोदी
पीएम मोदी ने लोगों से मिलने वाले आशीर्वाद को अपने लिए जिंदगी की सबसे बड़ी ऊर्जा बताते हुए कहा कि उनकी जिंदगी इसी से चली है। पीएम ने कहा, ‘सेवा भाव से किया गया हर काम लोग याद रखते हैं। लोग आशीर्वाद देते हैं। मेरी तो जिंदगी ही लोगों के आशीर्वाद से चली है। लोगों का आशीर्वाद ही मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी ऊर्जा रही है।’ पीएम मोदी ने यह बात ऐसे समय पर कही है जब विपक्ष चुनावों में हेरफेर का आरोप लगाकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ हमलों को तेज कर चुका है और लोगों से सड़कों पर उतरने की अपील की जा रही है।
चुनाव अपनी जगह, हम राष्ट्रनिर्मआण के लिए निकले: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ‘राजनीति अपनी जगह है, चुनाव अपनी जगह पर है, शासन व्यवस्थाएं अपनी जगह पर हैं। लेकिन हम तो राष्ट्र निर्माण के लिए निकले हुए लोग हैं, हम विकसित भारत के संकल्प को लेकर निकले हुए लोग हैं। 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में हमें युवाशक्ति की बहुत बड़ी भूमिका को एकदम से मजबूती के साथ आगे बढ़ाना है।’



