
दुर्ग। दुर्ग के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहर के रविशंकर शुक्ल स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मैदान के रूप में विकसित करने की तैयारी है। स्टेडियम के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के समक्ष प्रस्तावित नक्शा तैयार किया जा चुका है। दुकानों और कार्यालयों को हटाने के बाद दिसंबर से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। स्टेडियम के विकास से पहले इसके हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद थ्री-डी मैप तैयार किए जाने की योजना है। पूरे प्रोजेक्ट को स्थानीय विधायक एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के प्रयासों से आगे बढ़ाया जा रहा है। योजना के मुताबिक स्टेडियम के विकसित होने के बाद दुर्ग में स्थानीय और घरेलू क्रिकेट के साथ बड़े स्तर के मुकाबलों के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। भविष्य में यहां फ्लडलाइट की रोशनी में क्रिकेट मैच आयोजित किए जाने की संभावना है।
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम की तर्ज पर ड्रेनेज सिस्टम
अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैदान के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम को प्रमुख प्राथमिकताओं में रखा गया है। प्रस्तावित योजना में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की तर्ज पर ड्रेनेज तकनीक विकसित करने की बात सामने आई है। इसके अलावा पिच, क्रिकेट स्क्वायर, प्रैक्टिस पिच और आउटफील्ड को आधुनिक क्रिकेट की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। दर्शकों के लिए चारों तरफ दीर्घा और पवेलियन ब्लॉक तैयार किए जाने की योजना है।
225.91 मीटर लंबा और 173.55 मीटर चौड़ा होगा मुख्य क्रिकेट क्षेत्र
प्रस्तावित योजना के अनुसार स्टेडियम का मुख्य क्रिकेट क्षेत्र करीब 225.91 मीटर लंबा और 173.55 मीटर चौड़ा होगा। मैदान के आसपास दर्शक दीर्घा, पवेलियन और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। स्टेडियम को इस तरह विकसित करने की योजना है कि भविष्य में बड़े घरेलू मुकाबलों के साथ उच्च स्तर के क्रिकेट आयोजनों के लिए भी आवश्यक आधारभूत ढांचा उपलब्ध हो सके।

तीन तरफ पार्किंग, खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए अलग रास्ते
मैच के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम के उत्तर, पश्चिम और दक्षिण हिस्से में बड़े पार्किंग जोन प्रस्तावित किए गए हैं। इसका उद्देश्य मैच के दौरान वाहनों के दबाव को अलग-अलग हिस्सों में बांटना है। खिलाड़ियों, वीआईपी और आम दर्शकों के लिए प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था अलग रखने की योजना है। इससे मैच के दौरान भीड़ और यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।
कई प्रमुख मार्गों से मिलेगी कनेक्टिविटी
प्रस्तावित प्लान के अनुसार उत्तर-पश्चिम दिशा में राजेंद्र पार्क चौक और स्टेशन रोड से आने वाले मार्गों को स्टेडियम की पार्किंग से जोड़ने की योजना है। दक्षिण दिशा में दुर्ग-उतई रोड और पूर्वी हिस्से से एसपी बंगला रोड के जरिए कनेक्टिविटी देने का प्रस्ताव है। इस तरह स्टेडियम तक पहुंचने वाले दर्शकों और वाहनों के लिए अलग-अलग दिशाओं से आने-जाने के विकल्प उपलब्ध कराने की योजना है।
दिसंबर से काम शुरू होने की संभावना
स्टेडियम के हस्तांतरण और अन्य प्रारंभिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद दिसंबर से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। परियोजना पूरी होने के बाद रविशंकर शुक्ल स्टेडियम दुर्ग के खेल इंफ्रास्ट्रक्चर में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकता है और शहर को बड़े क्रिकेट आयोजनों के लिए नई सुविधा मिल सकती है।



