Featureछत्तीसगढ़

मंत्री का व्हाट्सएप हैक कर ठगी का प्रयास: लक्ष्मी राजवाड़े के संपर्कों को भेजा QR कोड, 32 हजार की मांग

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि उनके अकाउंट का इस्तेमाल कर संपर्क में मौजूद लोगों को फर्जी मैसेज भेजे जा रहे हैं और उनसे पैसों की मांग की जा रही है। मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मंत्री के व्हाट्सएप अकाउंट से लोगों को मैसेज भेजकर कहा जा रहा है कि उनका UPI ब्लॉक हो गया है और उन्हें तत्काल 32 हजार रुपये की जरूरत है। इसके साथ ही ऑनलाइन भुगतान कराने के लिए एक QR कोड भी भेजा जा रहा है। इस तरह मंत्री के नाम और नंबर का इस्तेमाल कर लोगों को ठगी का शिकार बनाने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सूरजपुर में आयोजित रोड सेफ्टी कार्यक्रम के तहत बाइक रैली में व्यस्त थीं। इस बीच उनके व्हाट्सएप अकाउंट से संदिग्ध संदेश भेजे जाने की जानकारी सामने आई।

मंत्री ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी, लोगों से की अपील
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी साझा कर व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने की जानकारी दी। उन्होंने लोगों को सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि उनके व्हाट्सएप नंबर से पैसे मांगे जाने पर सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
साइबर सेल ने शुरू की जांच
मामले की शिकायत के बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि व्हाट्सएप अकाउंट किस तरह हैक हुआ और फर्जी संदेश भेजने के पीछे कौन लोग हैं। साइबर ठगी से बचने के लिए जरूरी सावधानी: किसी परिचित या जनप्रतिनिधि के नंबर से पैसे मांगने वाला मैसेज आए तो पहले फोन करके पुष्टि करें। बिना सत्यापन QR कोड स्कैन न करें और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।

Related Articles

Back to top button