
झुंझनू: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां छापोली इलाके में सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक मशीन हाई वोल्टेज बिजली लाइन के संपर्क में आ गई. इससे पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए. जानकारी के मुताबिक, छापोली में कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था. इस दौरान सड़क बनाने के लिए रोड़ी मिलाने वाली मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा था. अचानक मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से टकरा गई. इसके बाद मशीन में करंट फैल गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए.



