लोकतंत्र को कमजोर करने और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने की कांग्रेस की राजनीति को जनता दे रही जवाब : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री श्री साय जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा एवं सभा में हुए शामिल
कांग्रेस ने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद जनता की अपेक्षाओं को किया नजरअंदाज, भ्रष्टाचार और कुशासन के कारण खोया जनविश्वास : मुख्यमंत्री
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है हमारी सरकार : मुख्यमंत्री श्री साय
प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन, धान खरीदी और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से बदल रही छत्तीसगढ़ की तस्वीर
रायपुर, 04 नवम्बर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा एवं सभा में शामिल हुए। उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता का विश्वास और जनादेश है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल अपनी राजनीतिक विफलताओं को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जागरूक जनता ऐसी राजनीति को भलीभांति समझती है और समय-समय पर लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देती रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने लगभग 55 वर्षों तक केंद्र की सत्ता में रहने के बावजूद देश की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार, घोटालों और कुशासन ने देश की प्रगति को बाधित किया। कोयला और जमीन से जुड़े घोटालों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों और कार्यशैली के कारण जनता का उससे विश्वास उठ गया है। आज कांग्रेस अपनी राजनीतिक असफलताओं पर आत्ममंथन करने के बजाय देश में भ्रम और अविश्वास का वातावरण बनाने में लगी हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। जनता का विश्वास हासिल करने के लिए उसके बीच रहकर काम करना पड़ता है, उसकी समस्याओं का समाधान करना पड़ता है और विकास के माध्यम से उसकी आकांक्षाओं को पूरा करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने के बजाय अपने लंबे शासनकाल और जनता से किए गए वादों का हिसाब देना चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के विरुद्ध अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक क्षमता का परिचय दिया है। आज देश की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इसी संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ भी विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है।
जनकल्याणकारी योजनाओं से हर वर्ग को मिल रहा विकास का लाभ
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों के पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है। राज्य में प्रतिदिन लगभग 1600 आवासों का निर्माण किया जा रहा है। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की व्यवस्था की गई है, जिससे अन्नदाताओं को उनके परिश्रम का उचित मूल्य मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रदेश की लाखों महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी प्रकार तेंदूपत्ता संग्राहकों के हितों की रक्षा के साथ ही ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के गांवों, गरीब परिवारों और जनजातीय अंचलों में विकास की नई संभावनाएं साकार हो रही हैं।
राज्य स्थापना दिवस की दी शुभकामनाएं, प्रधानमंत्री के संदेश का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर को राज्य स्तरीय तथा 2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाए गए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी छत्तीसगढ़ के तीन करोड़ से अधिक नागरिकों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देकर प्रदेश के प्रति अपना विशेष स्नेह व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन और सहयोग छत्तीसगढ़ के विकास की यात्रा को निरंतर नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो निरंतर जनता के बीच रहकर उनकी सेवा करते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक भोजन करने की बात भी कही और सभी से जनसेवा तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रायगढ़ सांसद श्री राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंभूनाथ चक्रवर्ती, जिला पंचायत सदस्य श्री गेंद बिहारी सिंह, श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, श्री कृष्णा राय, श्री अमर सुल्तानिया, श्री सुनील गुप्ता, श्री भरत सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित थे।