Featureछत्तीसगढ़

कलेक्टर श्री लंगेह ने जन चौपाल में सुनी लोगों की समस्याएं

महासमुंद, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में जिले के जनसामान्य की समस्याएं सुनी। जन चौपाल में अलग-अलग स्थानों से पहुंचे 70 आवेदकों ने अपनी-अपनी समस्याएं आवेदन के माध्यम से कलेक्टर के समक्ष रखा। कलेक्टर श्री लंगेह ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आवेदनों का अवलोकन कर नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने कहा। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित आवेदन प्रदान कर शीघ्र निराकरण करने के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर श्री लंगेह ने जन चौपाल में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण के निर्देश दिए।
जन चौपाल में कोमाखान निवासी लोकनाथ साहू ने एग्रीस्टैक पंजीयन हेतु आधार लिंक में आ रही समस्याओं के संबंध में आवेदन किया, जिस पर कलेक्टर ने ईडीएम को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किए। इसी तरह ग्राम पड़कीपाली खल्लारी के ग्रामवासियों ने धान विक्रय में आ रही आवागमन संबंधी समस्या के लिए, ग्राम कोहादादार पिथौरा के ग्रामवासियों ने गौठान में समूह के लिए बनी सड़क को क्षति पहुँचाने वाले अज्ञात तत्वों के विरुद्ध कार्यवाही हेतु, ग्राम ढोड़ महासमुंद में फर्जी धान पंजीयन को निरस्त करने हेतु ग्रामवासियों ने आवेदन किए। ग्राम बिरकोनी निवासी सुमित्रा बाई टंडन ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन हेतु आवेदन किए। इसके अलावा वन अधिकार पत्र, फसल गिरदावरी, लंबित पेंशन, अवैध अतिक्रमण, नल जल योजना एवं जाति प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button