
रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) का तीसरा सीजन बुधवार से शुरू हो रहा है। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स के बीच रात 9 बजे से खेला जाएगा। इससे पहले शाम 7 बजे आयोजित होने वाली भव्य ओपनिंग सेरेमनी में बॉलीवुड अभिनेत्री मौनी रॉय अपने शानदार परफॉर्मेंस से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
बता दें कि इस बार भी CCPL में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। पूरे टूर्नामेंट में फाइनल समेत कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता 12 दिनों तक चलेगी और इसमें प्रदेशभर के 114 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 11 लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा।
इन 6 टीमों के बीच होगी खिताब के लिए भिड़ंत

पिछले दो सीजनों की तरह इस बार भी लीग में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली 6 धाकड़ टीमें मैदान पर उतरेंगी:
रायपुर राइनोज (Raipur Rhinos)
राजनांदगांव पैंथर्स (Rajnandgaon Panthers)
बिलासपुर बुल्स (Bilaspur Bulls)
सरगुजा टाइगर्स (Sarguja Tigers)
रायगढ़ लायंस (Raigarh Lions)
बस्तर बायसंस (Bastar Bisons)
दिलचस्प रहा है CCPL का इतिहास

लीग के इतिहास पर नजर डालें तो साल 2024 में खेले गए पहले सीजन के फाइनल मुकाबले में रायपुर राइनोज ने बिलासपुर बुल्स को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर पहला खिताब अपने नाम किया था। वहीं, पिछले साल (सीजन-2) के फाइनल मुकाबले में बारिश ने खलल डाल दिया था, जिसके चलते मैच न हो पाने की स्थिति में रायपुर राइनोज और राजनांदगांव पैंथर्स को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया था।
दर्शकों के लिए फ्री एंट्री, लेकिन ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जरूरी

आयोजकों ने दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा है। हालांकि स्टेडियम में प्रवेश के लिए पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। दर्शक www.ticketgenie.in के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं। मैच वाले दिन ऑनलाइन टिकट का स्क्रीनशॉट दिखाकर स्टेडियम से फिजिकल टिकट प्राप्त किया जा सकेगा।
हर मैच में मिलेगा इनाम, ₹11 लाख कैश और 2 टू-व्हीलर जीतने का मौका
CCPL-3 में इस बार सिर्फ मैदान पर चौके-छक्कों का रोमांच ही नहीं होगा, बल्कि दर्शकों के लिए भी आकर्षक पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है। टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों को कुल 11 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि और दो टू-व्हीलर जीतने का मौका मिलेगा।
ओपनिंग डे (3 जून) और फाइनल डे (14 जून) पर एक-एक टू-व्हीलर पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा दोनों दिनों 10-10 विजेताओं को कुल 2 लाख रुपये प्रतिदिन की नकद पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। वहीं 4 जून से 12 जून तक खेले जाने वाले लीग मुकाबलों में प्रतिदिन 10 विजेताओं को 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस तरह लीग चरण में कुल 7 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी।
लकी ड्रॉ टिकट के पीछे दिए गए कूपन के आधार पर निकाला जाएगा। प्रत्येक मैच के इनिंग ब्रेक के दौरान विजेताओं के नाम बड़ी स्क्रीन पर प्रदर्शित किए जाएंगे।

इस बार CCPL की थीम “खेले बढ़िया-छत्तीसगढ़िया” रखी गई है। टूर्नामेंट में पहली बार क्रिकेट प्रेमियों को छत्तीसगढ़ी भाषा में लाइव कमेंट्री सुनने का मौका मिलेगा। यह कमेंट्री यूट्यूब पर लाइव प्रसारित की जाएगी। आयोजकों का कहना है कि टूर्नामेंट के जरिए छत्तीसगढ़ की संस्कृति और भाषा को भी बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
IPL तक पहुंचने का मंच बन रहा CCPL
CCPL को प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए IPL तक पहुंचने का बड़ा मंच माना जा रहा है। आयोजकों के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में इस लीग के कारण छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
साल 2025 के IPL ऑक्शन के लिए छत्तीसगढ़ के सात खिलाड़ियों को सूचीबद्ध किया गया था। इनमें आयुष पांडेय, अजय मंडल, शशांक सिंह, शुभम अग्रवाल, आशीष दहरिया, प्रतीक यादव और प्रशांत साई पैंकरा शामिल थे। आयोजकों का मानना है कि CCPL खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और IPL फ्रेंचाइजियों तथा टैलेंट स्काउट्स की नजर में आने का बेहतरीन अवसर प्रदान कर रहा है।
क्रिकेट, मनोरंजन, पुरस्कार और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंगों से सजा CCPL-3 इस बार दर्शकों के लिए पहले से कहीं ज्यादा रोमांचक होने वाला है।



