
नयी दिल्ली, केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के 12 साल पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला-नेतृत्व वाले विकास पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पिछले एक दशक में महिलाओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में अहम भूमिका निभाई हैं।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा कि सरकार के प्रयासों से महिलाओं को वित्तीय समावेशन और उद्यमशीलता से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, सफाई, आवासन, खेल, विज्ञान और प्रशासन जैसे क्षेत्रों में बड़ी तरक्की करने में मदद मिली है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “पिछले 12 सालों में राजग सरकार ने महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास को आगे बढ़ाने के लिए काम किया है और यह सभी क्षेत्रों में दिखाई देता है।” उन्होंने कहा, “वित्तीय समावेशन और उद्यमशिलता से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, सफाई, आवासन, खेल, विज्ञान और प्रशासन तक महिलाएं अलग-अलग क्षेत्रों में अहम भूमिका निभा रही हैं।” प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं की भलाई और सशक्तिकरण के लिए सरकार के नजरिए पर जोर देते हुए कहा कि पिछले दशक में शुरू की गई पहलें “गरिमा, मौका और सशक्तिकरण” पर आधारित थीं। उन्होंने कहा, “राजग सरकार की कोशिशें गरिमा, मौका और सशक्तिकरण पर आधारित हैं।
उन्होंने ऐसा माहौल बनाने में मदद की है जहां महिलाएं अपनी पूरी क्षमता का इस्तेमाल कर सकती हैं और देश के निर्माण में और भी मजबूती से योगदान दे सकती हैं।”
प्रधानमंत्री ने उभरते और प्रौद्योगिकी से चलने वाले क्षेत्रों, खासकर विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान और नवाचार में महिलाओं की बढ़ती मौजूदगी पर भी खुशी जताई। श्री मोदी ने कहा, “मुझे यह देखकर खुशी हो रही है कि भारत की नारी शक्ति विज्ञान, अंतरिक्ष और नवाचार जैसे क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। ड्रोन प्रौद्योगिकी जैसे उभरते हुए क्षेत्र में उनकी बढ़ती हिस्सेदारी से अवसर के नए रास्ते खुल रहे हैं और पूरे देश में विकास का माहौल बदल रहा है।”
उन्होंने महिलाओं में आर्थिक स्वतंत्रता को बढ़ावा देने में स्वयं सहायता समूहों (एसचजी) की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि सरकार ऐसे समूहों का सक्रिय रूप से समर्थन कर रही है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार स्वयं सहायता समूह को सक्रिय रूप से समर्थन कर रही है, जो महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाने में काफी अहम हैं।”
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री की यह बात तब सामने आई जब राजग सरकार ने 2014 में केंद्र में सत्ता संभालने के बाद से अपनी उपलब्धियों को बताया। सरकार ने पिछले कुछ सालों में महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने के मकसद से कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनमें वित्तीय समावेशन, सफाई, आवासन, मातृत्व स्वास्थ्य, उद्यमशिलता और कौशल विकास पर ध्यान देने वाले पहलें शामिल हैं।



