Featureछत्तीसगढ़

ढाबे के अंदर महिला की हत्या, खून से सना टांगिया बरामद

रायपुर। रायपुर जिले के सिलतरा क्षेत्र स्थित सोनू मोनू चौक के पास एक बंद मिनी ढाबे में मंगलवार को एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, बंद पड़े ढाबे के अंदर एक महिला का शव संदिग्ध हालत में बरामद किया गया। मृतका की पहचान कमली नेता, उम्र लगभग 45 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला अपने दूसरे पति के साथ रहकर मजदूरी का काम करती थी। घटना के बाद उसका पति सोनी देवार मौके से फरार बताया जा रहा है।

जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। स्थानीय लोगों ने जब ढाबे के आसपास संदिग्ध गतिविधि देखी तो पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर धरसींवा क्षेत्र की सिलतरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शरू की। ढाबे के अंदर महिला का शव मिलने के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस को मौके से खून से सना हुआ टांगिया और एक लाठी भी बरामद हुई है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी विवाद या घरेलू हिंसा से जुड़ा होने की संभावना भी व्यक्त की जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।
घटना के बाद एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं और पूरे क्षेत्र की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की कड़ी जोड़ने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, फरार आरोपी सोनी देवार की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इस वारदात को लेकर गंभीर चिंता जता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Related Articles

Back to top button