
गुजरात के वडोदरा में भीषण सड़क हादसा हुआ है. गुजरात के वडोदरा में कोटांबी स्टेडियम के पास बुधवार सुबह एक स्लीपर बस और ट्रक की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई. 25 से अधिक लोग घायल हैं. लग्ज़री बस राजस्थान से सूरत जा रही थी और उसमें करीब 45 यात्री सवार थे. हादसे में शुरुआती तौर पर पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी. सूचना मिलते ही SDRF, NDRF और वडोदरा फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया.
गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. मृतकों में एक 9 साल का बच्चा भी शामिल है.
गुजरात के वडोदरा में कोटंबी स्टेडियम के पास एक भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल हो गए. बालाजी ट्रेवल्स की एक लग्जरी बस राजस्थान के बाड़मेर से सूरत की ओर जा रही थी. वडोदरा में बस सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा. सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई. घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. सभी घायलों को एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के कारण इलाके में लंबा जाम लग गया, जिसे हटाने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें जुटी हैं.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में चालक की लापरवाही या तेज रफ्तार को संभावित कारण माना जा रहा है. मृतकों की पहचान और अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं.



