Featureछत्तीसगढ़

कपास और मिर्ची के बीच छिपा रखा था गांजा, पुलिस ने खेत पर मारा छापा

खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के भीकनगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजे की अवैध खेती का मामला पकड़ा है। ग्राम बैडछा में कपास और मिर्ची की फसल के बीच गांजे के पौधे लगाए गए थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने खेत में दबिश देकर 82 हरे गांजे के पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 204.88 किलोग्राम बताया गया है। कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा फरार है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बैडछा में दो व्यक्ति कपास और मिर्ची की खेती की आड़ में गांजे के पौधे उगा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई और विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक बलराम सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खेत में दबिश दी। तलाशी के दौरान कपास और मिर्ची के पौधों के बीच गांजे के 82 छोटे-बड़े हरे पौधे बरामद हुए। कार्रवाई के दौरान खेत में दो व्यक्ति मौजूद थे। पुलिस टीम को देखते ही दोनों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि दूसरा कपास की फसल की आड़ लेकर भाग निकला। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिकदार सोलंकी (45 वर्ष), पिता झबरसिंह सोलंकी, निवासी ग्राम बैडछा के रूप में हुई है।

पुलिस ने मौके से 82 गांजे के हरे पौधे जब्त किए हैं। इनका कुल वजन 204.88 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी और उसके फरार साथी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई एसडीओपी केतन अडलक के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी बलराम सिंह राठौर के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

Related Articles

Back to top button