
भिलाई : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जवाहर उद्यान के पास करीब 11 बजे कार और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार 19 वर्षीय आक्षिता अवचट की मौत हो गई, जबकि स्कूटी चला रहा 18 वर्षीय आयुष साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल दुर्ग के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, तालपुरी बी ब्लॉक निवासी आक्षिता अवचट, पिता प्रजानंद अवचट, सोमवार रात आयुष साहू के साथ स्कूटी पर जा रही थी। इसी दौरान जवाहर उद्यान के पास उनकी स्कूटी की होंडा अमेज कार क्रमांक सीजी 07 सीएच 2321 से टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्षिता की मौत हो गई, जबकि आयुष को उपचार के लिए जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया गया।
18 वर्षीय आयुष साहू को गंभीर चोटें आई हैं। उसे जिला अस्पताल दुर्ग के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है। वहीं, पुलिस ने मृत युवती के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। आक्षिता की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल होंडा अमेज कार 32 वर्षीय अभिजीत धर की बताई जा रही है। वह अपनी पत्नी और आठ वर्षीय बेटी के साथ सेक्टर-10 से सेक्टर-4 में गरबा देखने जा रहे थे। इसी दौरान जवाहर उद्यान के पास कार और स्कूटी की भिड़ंत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों, दोनों वाहनों की स्थिति और टक्कर के वास्तविक कारणों का पता लगा रही है। फिलहाल हादसे में किसकी लापरवाही थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।



