Featureराष्ट्रीय

CM रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान! दिल्ली में लगेंगे 70 लाख पौधे, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान बनेगा जनआंदोलन

दिल्ली सरकार जल्द ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ दिल्ली मेगा वृक्षारोपण अभियान 2026 की शुरुआत करने जा रही है। इस अभियान के तहत राजधानी में 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता  ने दिल्ली सचिवालय में अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में अभियान की विस्तृत रूपरेखा, जनभागीदारी, डिजिटल प्लेटफॉर्म, पौधारोपण के लक्ष्यों और विभिन्न विभागों व संस्थाओं की जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दिल्ली सचिवालय में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अभियान की तैयारियों पर चर्चा की गई। इस दौरान दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।बैठक में अभियान की रूपरेखा, जनभागीदारी बढ़ाने के तरीके, डिजिटल प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल, पौधारोपण के लक्ष्यों और विभिन्न विभागों व संस्थाओं की भूमिका पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

दिल्ली सरकार के ‘एक पेड़ मां के नाम दिल्ली मेगा वृक्षारोपण अभियान 2026’ का पहला चरण 22 जून से शुरू होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, अभियान का शुभारंभ डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। पहले चरण में मुख्यमंत्री द्वारा ई-फॉरेस्ट ग्रीन ड्राइव पोर्टल और अभियान का आधिकारिक वीडियो लॉन्च किया जाएगा। इसके साथ ही दिल्लीभर में डिजिटल और सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत होगी। सरकार के अनुसार, 22 जून से 4 जुलाई तक अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इस दौरान सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक और सामुदायिक संगठनों के साथ संवाद स्थापित कर लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा। दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक नागरिक इस वृक्षारोपण अभियान में भाग लें और इसे एक बड़े जन-अभियान का रूप दिया जा सके।

जन-आंदोलन की शुरुआत

‘एक पेड़ मां के नाम दिल्ली मेगा वृक्षारोपण अभियान 2026’ का दूसरा चरण जुलाई के पहले सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। इस चरण को मेगा रिज वृक्षारोपण अभियान के रूप में शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत दिल्ली रिज क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में पारिस्थितिकी-पुनर्स्थापन (इकोलॉजिकल रिस्टोरेशन) वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें सेंट्रल रिज, साउथ सेंट्रल रिज, नानकपुरा रिज और पीबीजी ग्राउंड सहित कई स्थानों को शामिल किया गया है। सरकार के अनुसार, इस चरण के शुभारंभ के दिन ही करीब 2.5 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही स्वयंसेवकों को फ्लैग-ऑफ कर अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने की शुरुआत की जाएगी।

एक साथ 11 हजार लोग पौधारोपण में भाग लेंगे

‘एक पेड़ मां के नाम दिल्ली मेगा वृक्षारोपण अभियान 2026’ का तीसरा और सबसे बड़ा चरण जुलाई के मध्य में आयोजित किया जाएगा। इसे जनभागीदारी आधारित मेगा पौधारोपण कार्यक्रम के रूप में आयोजित करने की तैयारी है। इस चरण का केंद्रीय कार्यक्रम रोहिणी स्थित स्वर्ण जयंती पार्क में आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम दिल्ली की 51 लाइव लोकेशनों से रियल टाइम माध्यम से जुड़ा रहेगा। सरकार के अनुसार, इस दौरान करीब 11 हजार लोग एक साथ पौधारोपण अभियान में भाग लेंगे। अभियान से जुड़े सभी स्थलों से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें। यह अभियान दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों और 13 जिलों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है। सरकार का लक्ष्य सेवा पर्व अवधि तक दिल्लीभर में 70 लाख पौधे लगाने का है। इसके लिए अभियान के अलग-अलग चरणों में जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा और विभिन्न सामाजिक संगठनों व संस्थाओं को जोड़ा जाएगा। अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सहित अन्य वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों की सहभागिता प्रस्तावित है।

नागरिकों की सहभागिता को बनाया गया सरल

दिल्ली सरकार के ‘एक पेड़ मां के नाम दिल्ली मेगा वृक्षारोपण अभियान 2026’ में आम नागरिकों की भागीदारी को आसान बनाने के लिए डिजिटल व्यवस्था तैयार की गई है। इसके तहत कोई भी नागरिक ई-फॉरेस्ट ग्रीन ड्राइव पोर्टल के माध्यम से अभियान से जुड़ सकेगा। सरकार के अनुसार, नागरिक केवल मोबाइल नंबर, नाम और पते की जानकारी देकर पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। इसके बाद उन्हें निःशुल्क पौधा प्राप्त करने, पौधारोपण के लिए स्लॉट बुक करने और पौधा लगाने के बाद उसकी जियो-टैग्ड फोटो अपलोड करने की सुविधा मिलेगी। पौधारोपण की प्रक्रिया पूरी करने के बाद नागरिकों को मुख्यमंत्री हस्ताक्षरित पर्यावरण रक्षक ई-प्रमाणपत्र भी जारी किया जाएगा। पोर्टल पर नागरिकों के लिए कई डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिनमें पौधारोपण स्लॉट बुकिंग ,जियो-टैगिंग सुविधा ,लाइव काउंटर ,डिजिटल हरित मानचित्र ,निःशुल्क पौध वितरण ,ई-प्रमाणपत्र प्राप्त करने की सुविधा शामिल है।

अभियान में हर वर्ग की भागीदारी

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए वृक्ष रथ संचालित किए जाएंगे, जो शहर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचकर लोगों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराएंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार, ये वृक्ष रथ कॉलोनियों, आवासीय परिसरों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, RWA, धार्मिक संस्थानों और अन्य सार्वजनिक स्थलों तक जाएंगे। यहां लोगों को पौधारोपण के लिए पौधे उपलब्ध कराने के साथ-साथ मौके पर ही पौधे लगाने की जानकारी और मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग और हर सामाजिक वर्ग के लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाए। अभियान में भाग लेने वाले प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण रक्षक के रूप में सम्मानित किया जाएगा। सहभागियों को मुख्यमंत्री हस्ताक्षरित पर्यावरण रक्षक प्रमाणपत्र के साथ टी-शर्ट और कैप भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, लगाए गए प्रत्येक पौधे को दिल्ली के डिजिटल हरित मानचित्र पर दर्ज किया जाएगा, जिससे नागरिक अपने योगदान और लगाए गए पौधे की जानकारी ऑनलाइन देख सकेंगे।

एक पेड़ मां के नाम

दिल्ली सरकार के ‘एक पेड़ मां के नाम दिल्ली मेगा वृक्षारोपण अभियान 2026’ को लेकर पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि यह केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राजधानी को हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने का व्यापक जन-आंदोलन है। मंत्री ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से दिल्ली के नागरिकों के साथ-साथ आरडब्ल्यूए, शैक्षणिक संस्थानों, धार्मिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और युवाओं को एक साझा पर्यावरणीय मिशन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से दिल्ली के हरित क्षेत्र को बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ई-फॉरेस्ट ग्रीन ड्राइव पोर्टल, वृक्ष रथ, जियो-टैग्ड पौधारोपण, डिजिटल हरित मानचित्र और मुख्यमंत्री हस्ताक्षरित पर्यावरण रक्षक प्रमाणपत्र जैसी पहलें शुरू की जा रही हैं। इन व्यवस्थाओं के जरिए नागरिकों के लिए पौधारोपण करना और अपने योगदान को दर्ज कराना आसान होगा। मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और दिल्ली को देश की सबसे हरित राजधानी बनाने के इस अभियान में भागीदार बनें।

Related Articles

Back to top button