Featureखेल

दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे टेस्ट के लिए किया एक बदलाव, नॉर्खिया की जगह कोएत्जी की एंट्री

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम मौजूदा समय पर साउथ अफ्रीका के दौरे पर है, जहां वह वनडे सीरीज के बाद तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। इसके दो मुकाबले खेले जा चुके हैं। पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया ने जीता था, जबकि दूसरे मैच में साउथ अफ्रीका ने मेहमान टीम को शिकस्त दी थी। सीरीज 1-1 से बराबरी पर है और केपटाउन में मंगलवार से खेला जाने वाला तीसरा टेस्ट मैच निर्णायक साबित होगा। इस टेस्ट मैच के लिए साउथ अफ्रीका की टीम ने अपनी प्लेइंग XI का ऐलान कर दिया है। साथ ही साथ चोटिल एनरिक नॉर्खिया का रिप्लेसमेंट कौन होगा, इसकी भी जानकारी दी है। क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने बताया कि दूसरे टेस्ट मैच में चोटिल होने के कारण एनरिक नॉर्खिया बाहर हैं और उनकी जगह टीम में गेराल्ड कोएट्जी को शामिल किया गया है। वह दो साल बाद टेस्ट टीम में वापसी कर रहे हैं।

कोएट्जी ने फरवरी 2023 में सेंचुरियन में वेस्ट इंडीज के खिलाफ डेब्यू किया था। अपने डेब्यू मैच में उन्होंने तीन विकेट लिए थे। उन्होंने आखिरी बार नवंबर 2024 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच खेला था। उन्होंने चार टेस्ट खेले हैं और 23.57 की औसत से 14 विकेट लिए हैं। कोएट्जी साउथ अफ्रीका की व्हाइट-बॉल टीम के एक अहम सदस्य हैं। उन्होंने साल 2023 में ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप में खास प्रभाव छोड़ा था। भारत में खेले गए इस बड़े टूर्नामेंट में उन्होंने आठ मैचों में 20 विकेट लिए थे और साउथ अफ्रीका के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे। यह पेसर सबसे अहम केप टाउन टेस्ट में अपनी टीम को जीत दिलाने की पूरी कोशिश के साथ मैदान पर उतरेगा।

टेस्ट सीरीज की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने डरबन के किंग्समीड में पहला टेस्ट 214 रन से जीता। उन्होंने 390 रन बनाए और 314/6 पर पारी घोषित की। हालांकि, मेजबान टीम ने गेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में जोरदार वापसी करते हुए दूसरा टेस्ट एक पारी और 31 रन से जीत लिया।

तीसरे टेस्ट के लिए साउथ अफ्रीका की प्लेइंग XI:

एडन मार्करम, मार्केस एकरमैन, डेविड बेडिंगम, टेम्बा बावुमा (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्जके, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), वियान मुल्डर, मार्को यान्सेन, साइमन हार्मर, गेराल्ड कोएत्जी, कगिसो रबाडा।

ऑस्ट्रेलिया ने भी किए अपनी टीम में बदलाव

तीसरे टेस्ट मैच के लिए साउथ अफ्रीका के अलावा ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी प्लेइंग XI का ऐलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी टीम में बदलाव किया है। इस निर्णायक मुकाबले से सलामी बल्लेबाज निक मैडिनसन और बैकअप विकेटकीपर सैम हार्पर को टीम से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ की गर्दन में चोट है। ऐसे में वह मैच से पहले फिटनेस टेस्ट देंगे तब जाकर खेल सकेंगे। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से यह सीरीज बहुत अधिक अहम है। मौजूदा चैंपियन साउथ अफ्रीका आखिरी मुकाबले में जीत हासिल करके इस बार भी फाइनल में प्रवेश करने की कोशिश के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

Related Articles

Back to top button