Featureछत्तीसगढ़

दुर्ग पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन! 39 प्रकरण दर्ज

दुर्ग। सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। 13 सितंबर को चलाए गए अभियान में पुलिस ने अलग-अलग थाना एवं चौकी क्षेत्रों में कुल 39 प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और जमावड़ा लगाने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।
दुर्ग पुलिस के अनुसार, जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, पार्कों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग एवं निगरानी की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन तथा अड्डेबाजी करते पाए गए लोगों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और अड्डेबाजी से सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए ऐसे स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
असामाजिक गतिविधियों पर रहेगी नजर
विशेष अभियान में थाना प्रभारियों, थाना एवं चौकी स्टाफ, पेट्रोलिंग टीमों तथा पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने समन्वित रूप से चेकिंग और निगरानी की। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, अड्डेबाजी और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन एवं अड्डेबाजी से दूर रहने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध अथवा असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने और जिले में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button