Featureराष्ट्रीय

इंदौर में दुखद: महिला कांस्टेबल ने की खुदकुशी, पति की मौत के बाद मिली थी अनुकंपा नियुक्ति

इंदौर। इंदौर की डीआरपी लाइन में पदस्थ एक महिला कांस्टेबल प्रिया यादव ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वह एरोड्रम थाना इलाके के शुभम नगर में रहती थी। जानकारी के मुताबिक प्रिया यादव को पति की मौत के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला कांस्टेबल प्रिया यादव के आत्महत्या की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही हैं।

इधर नानी से पांच हजार मांगे फांसी लगाकर जान दी

एक युवक ने मंगलवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हीरानगर पुलिस के अनुसार मृतक खातीपुरा निवासी 23 वर्षीय शुभम पुत्र महिपाल जादौन है। उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। वह नानी के घर में रहता था और रिक्शा चलाता था। रात में उसने नानी से पांच हजार रुपये मांगे थे। इसके बाद कमरे में गया और फांसी लगा ली।

किराये की बात पर पत्नी पर चाकू से हमला

किराये के रुपयों को लेकर पति उग्र हो गया और पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। बचाव करने आई भाभी भी घायल हुई है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। परदेशीपुरा पुलिस के अनुसार नंदानगर निवासी शिखा शुक्ला ने पति जितेंद्र और ननद सीमा के खिलाफ रिपोर्ट की है। शिखा ने पुलिस को बताया जितेंद्र ने उससे रुपये मांगे और विवाद हो गया। उसने चाकू से वार कर दिया। भाभी अलका मदद करने आई तो उस पर भी हमला किया।

कॉलोनी में एंट्री करने पर विवाद, चार पर केस

बायपास स्थित टाउनशिप में मंगलवार को विवाद हो गया। कार सवारों ने युवक की पिटाई कर दी। राऊ पुलिस ने चार के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी कमल पुत्र रामकिशन विश्वकर्मा ने रिपोर्ट लिखवाई है। घटना ओमेक्स हिल्स की है। आरोपित चेतन वर्मा, क्रिश चौधरी, प्रेम जाटव और उदय चौहान ने मारपीट की है। पुलिस के अनुसार आरोपित बगैर एंट्री के कॉलोनी में घुस कर रहे थे।

Related Articles

Back to top button