Featureछत्तीसगढ़

जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज हादसा, 4 शव बरामद, कई लोग लापता

जबलपुर, मध्यप्रदेश के जबलपुर में बरगी डैम में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। तेज हवा और तूफान के बीच पर्यटकों से भरा एक क्रूज यहां डूब गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक क्रूज में 30 से अधिक लोग सवार थे। इनमें से 18 लोगों को प्रशासन ने बचा लिया है, वहीं अब तक 4 शव मिल चुके हैं, जबकि कई अन्य लोग लापता हैं।

स्थानीय लोगो से मिली जानकारी के अनुसार खमरिया टापू के पास अचानक से आए तेज तूफान के कारण क्रूज संतुलन खो बैठा और डूब गया। हुआ है, घटना की सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है और लापता लोगों की तलाश जारी है।

सीएसपी बोले- 18 पर्यटकों को बचाया गया

बरगी शहर के पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अंजुल मिश्रा ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि चार शव बरामद किए गए हैं और 18 को सुरक्षित बचा लिया गया जबकि 15 से 18 लोग अब भी लापता हैं अधिकारी ने बताया कि अचानक आंधी के कारण पलटे क्रूज में दुर्घटना के समय करीब 35-40 लोग सवार थे। उन्होंने बताया कि शेष लोगों को बचाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

बरगी डैम में उठ रही थीं ऊंची-ऊंची लहरें

यह हादसा जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम के बैक वाटर में हुआ है। गुरुवार शाम को मौसम सुहावना होने की वजह से बड़ी संख्या में पर्यटक क्रूज बोटिंग का आनंद लेने के लिए पहुंचे थे। लेकिन इसी बीच मौसम बिगड़ गया और काफी तेज हवाएं चलने लगीं। हवा की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि डैम के पानी में ऊंची-ऊंची लहरें उठने लगीं और इसी वजह से क्रूज संभल नहीं सका और डूब गया। हादसे के वक्त क्रूज पर सवार 30 से ज्यादा लोगों में से 18 लोगों को बचा लिया गया, जबकि रात 8 बजे तक 4 शव बरामद हो चुके थे। फिलहाल प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है, और इस वक्त लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने की न्यायिक जांच की मांग

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस घटना को लेकर दुख जताते हुए कहा, ‘जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज डूबने की घटना बेहद पीड़ादायक है। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें। प्रशासन से अपील है कि रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई जाए और लापता लोगों को जल्द सुरक्षित निकालने के हर संभव प्रयास किए जाएं। प्रशासन को मजिस्ट्रेट एन्क्वायरी का आदेश देना चाहिए और क्रूज के ठेकेदार पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।’

MP कांग्रेस अध्यक्ष ने जताया दुख, जिम्मेदारी तय करने की मांग की

मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस घटना पर दुख जताते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं, साथ ही हादसे की जिम्मेदारी तय करने की मांग भी की है। इस बारे में उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज पलटने से 4 लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है। यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।’

आगे उन्होंने लिखा,’मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूँ, शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।’

मंत्री राकेश सिंह बोले- मैं घटनास्थल के लिए निकल चुका हूं

राज्य सरकार के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने इस हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘जबलपुर के बरगी डैम में खमरिया टापू के पास पर्यटकों से भरे क्रूज के डूबने की अत्यंत दु:खद सूचना मिली है। कलेक्टर समेत स्थानीय प्रशासन से चर्चा कर राहत और बचाव कार्य संबंधी आवश्यक निर्देश दिए हैं। मैं स्वयं भी नई दिल्ली से जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचते ही घटना स्थल के लिए रवाना हो चुका हूँ। एसडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए मौके पर पहुंच चुकी है। इस मुश्किल घड़ी में हम सभी प्रभावित परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Related Articles

Back to top button