Featureछत्तीसगढ़

खुले कुएं ने ली तेंदुए के शावक की जान, सूरजपुर में वन्यजीव सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

सूरजपुर। जिले के दूरस्थ क्षेत्र चांदनी बिहारपुर के ग्राम पंचायत महुली में खुले कुएं में गिरने से तेंदुए शावक की मौत हो गई। महुली क्षेत्र गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व एवं उससे लगे वन क्षेत्र के समीप स्थित है, यहाँ वन्य प्राणियों की आवाजाही लगी रहती है। आशंका जताई जा रही है कि तेंदुए का शावक रविवार रात भोजन की तलाश में जंगल से निकलकर गांव की ओर भटककर आ गया था।

इसी दौरान वह पहाड़पारा इलाके में पहुंच गया, जहां मुख्य मार्ग से लगभग 200 मीटर की दूरी पर खेत में मनरेगा योजना के तहत बना कुआं खुला हुआ था। अंधेरे के कारण तेंदुआ कुएं को देख नहीं सका और सीधे उसमें गिर गया। बताया जा रहा है कि कुआं काफी गहरा है और बाहर निकलने के लिए कोई सहारा मौजूद नहीं था।

तेंदुआ घंटों तक भीतर फंसा रहा और लगातार संघर्ष करता रहा। अनुमान है कि करीब 12 से 15 घंटे के संघर्ष के बाद उसकी मौत हो गई। सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर गए, तो कुएं में किसी जानवर का शव पानी के ऊपर दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर तेंदुए के शावक की पुष्टि हुई।

Related Articles

Back to top button