Featureराष्ट्रीय

नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र, एमएलसी की सभी सीटें जीतने का आह्वान

वाराणसी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने काशी क्षेत्र की सभी 71 विधानसभा सीटों पर ऐतिहासिक जीत हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

उन्होंने आगामी स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद (एमएलसी) चुनावों में प्रदेश की सभी 11 सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए तत्काल चुनावी तैयारियों में जुटने का निर्देश दिया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सात और आठ अक्टूबर को काशी प्रवास के दौरान आयोजित सात संगठनात्मक बैठकें गुरुवार शाम संपन्न हुईं। इन बैठकों में जिला, क्षेत्र एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा वरिष्ठ पूर्व पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी विधानसभा एवं विधान परिषद चुनावों में जीत की रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठकों में कार्यकर्ताओं और नेताओं का मार्गदर्शन करते हुए श्री नवीन ने कहा कि उपस्थित सभी कार्यकर्ता अनुभवी एवं वरिष्ठ हैं और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की प्रक्रिया से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने क्षेत्र, जिला, मंडल, शक्तिकेंद्र और बूथ स्तर पर संगठनात्मक बैठकों को प्रत्येक माह नियमित रूप से आयोजित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की समयबद्ध योजना बनाने तथा उनकी सूचना जनप्रतिनिधियों एवं पूर्व पदाधिकारियों तक समय से पहुंचाने के लिए संवाद तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही, जिला, विधानसभा और मंडल स्तर पर पार्टी की ओर से घोषित सभी कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा के साथ संपन्न कराने का आह्वान किया। श्री नवीन ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि चुनाव में अब केवल तीन माह का समय शेष है। ऐसे में संगठन को पूरी सक्रियता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटना होगा। एमएलसी चुनावों के संबंध में उन्होंने प्रदेश की सभी 11 स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद सीटों पर जीत का लक्ष्य निर्धारित किया।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से तत्काल चुनावी अभियान में जुटने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव में 15 दिनों से भी कम समय शेष है। ऐसे में मतदाताओं से अधिक से अधिक प्रत्यक्ष संपर्क और संवाद स्थापित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के साथ प्रभावी संपर्क से पार्टी को चुनाव में लाभ मिलेगा।

Related Articles

Back to top button