
रायपुर। राजधानी रायपुर में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक कारपेंटर पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना बंगाली चाय दुकान के पास की है। आरोप है कि आदतन अपराधी अभय रक्सेल ने कारपेंटर अमन पटेल की कॉलर पकड़कर उस पर चाकू से 6 बार वार किए। हमले में अमन के शरीर के बाएं हिस्से और जांघ में चोट आई है। वारदात दुकान के पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। घायल का AIIMS अस्पताल में इलाज चल रहा है।
आजाद चौक पुलिस के अनुसार अमन पटेल रामसागर पारा का रहने वाला है और कारपेंटर का काम करता है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि 31 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वह बंगाली चाय दुकान में चाय पीने गया था।
इसी दौरान एक युवक उसके पास पहुंचा और उसका नाम-पता पूछने लगा। इसके बाद उसने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। अमन के मुताबिक, उसने पैसे देने से मना किया तो युवक गाली-गलौज करने लगा।
विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने अपने पास रखा चाकू निकाला हमला कर दिया। आरोपी ने बाएं तरफ पसली और बाईं जांघ में कई वार किए। हमले में अमन घायल हो गया और उसके शरीर से खून निकलने लगा।
आसपास के लोगों ने कराया बीच-बचाव

हमले के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर बीच-बचाव किया। पीड़ित के अनुसार, मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने हमलावर की पहचान अभय रक्सेल के रूप में बताई। इसके बाद घायल अमन को इलाज के लिए AIIMS अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
CCTV में कैद हुई वारदात
चाय दुकान के पास लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में आरोपी युवक पीड़ित की कॉलर पकड़कर उसके साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। इसके बाद वह नुकीली वस्तु से उस पर हमला करता दिखाई देता है।
पुलिस ने CCTV फुटेज और पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में विवाद की वजह शराब पीने के लिए पैसे मांगना सामने आई है।
सहायक पुलिस आयुक्त ईशू अग्रवाल ने बताया, कि पीड़ित की शिकायत के बाद आरोपी अभय रक्सेल के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



