
रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा वनवासियों और तेन्दूपत्ता संग्राहकों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। तेन्दूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक को बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किए जाने और चरण पादुका वितरण योजना जैसे निर्णयों का लाभ जशपुर जिले के हजारों वनाश्रित परिवारों को मिल रहा है।
जिला लघु वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित, जशपुरनगर के माध्यम से तेन्दूपत्ता संग्राहकों को संग्रहण पारिश्रमिक एवं प्रोत्साहन राशि का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में ऑनलाइन किया गया है। इस व्यवस्था से भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और बिचौलिया-मुक्त बनी है।
वर्ष 2023 के संग्रहण पर मिला प्रोत्साहन पारिश्रमिक
तेन्दूपत्ता संग्रहण वर्ष 2023 के अंतर्गत जिले की 24 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों में से 4 समितियां लाभ की स्थिति में रहीं। इन समितियों से जुड़े 7,210 संग्राहकों को 27 लाख 76 हजार 686 रुपये की प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि सीधे बैंक खातों में ऑनलाइन हस्तांतरित की गई। इससे संग्राहकों की आय में अतिरिक्त वृद्धि हुई।
वर्ष 2026 में 33,968 संग्राहकों को मिला 16.37 करोड़ रुपये से अधिक का पारिश्रमिक
वर्ष 2026 के तेन्दूपत्ता संग्रहण सत्र में जिले की 24 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के माध्यम से 33,968 संग्राहकों ने तेन्दूपत्ता संग्रहण किया। इसके एवज में उन्हें 16 करोड़ 37 लाख 17 हजार 680 रुपये 50 पैसे की पारिश्रमिक राशि सीधे उनके बैंक खातों में ऑनलाइन हस्तांतरित की गई। ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ी है और संग्राहकों को समय पर उनकी मेहनत का पूरा पारिश्रमिक प्राप्त हो रहा है।
वनाश्रित परिवारों की आजीविका को मिल रहा संबल
तेन्दूपत्ता संग्रहण वनाश्रित परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार है। संग्रहण पारिश्रमिक और प्रोत्साहन राशि के नियमित भुगतान से न केवल संग्राहकों की आय में वृद्धि हो रही है, बल्कि ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। शासन की यह पहल वनोपज आधारित आजीविका को बढ़ावा देने के साथ-साथ वनवासियों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
जिला लघु वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित, जशपुरनगर ने संग्राहकों से आगामी तेन्दूपत्ता संग्रहण सत्र में भी गुणवत्तापूर्ण संग्रहण करने तथा शासन की विभिन्न वनोपज हितग्राही योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील की है।



