Featureराष्ट्रीय

योगी बोले- मां कात्यायनी के साहस से प्रेरणा ले रही यूपी की बेटियां, खेल के क्षेत्र में कर रही नया इतिहास

लखनऊ. नवरात्रि में मां कात्यायनी को नारीशक्ति के साहस और पराक्रम का प्रतीक बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी में महिला खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय खेलों में उनकी उपलब्धियों का जिक्र किया. उन्होंने 2017 से पहले के हालात और पिछले साढ़े नौ वर्षों में खेल सुविधाओं के विस्तार के बीच अंतर बताते हुए पारुल चौधरी, दीप्ति शर्मा और वंदना कटारिया जैसी खिलाड़ियों की उपलब्धियां गिनाईं. योगी ने एक्स पर लिखा कि ‘समस्त बाधाओं और आसुरी प्रवृत्तियों का संहार करने वाली मां कात्यायनी नारीशक्ति के अदम्य साहस, अटूट संकल्प और अजेय पराक्रम का प्रतीक हैं.’

योगी ने आगे लिखा कि ‘वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में भय और अराजकता का ऐसा माहौल था, जहां बेटियों के सपनों पर पहरे थे, उनके हौसलों पर बंदिशें थीं और उनकी प्रतिभा अवसरों के अभाव में दम तोड़ने को मजबूर थी. खेल के मैदान माफिया के कब्जे में थे, संसाधन नदारद थे और बेटियों की उड़ान को पंख देने के बजाय, उनके सपनों को चारदीवारी में कैद कर दिया गया था. विगत साढ़े 9 वर्षों में प्रदेश में बदलाव की नई गाथा लिखी गई है.’

सीएम ने आगे लिखा कि ‘भय का स्थान सुरक्षा ने लिया है, उपेक्षा का स्थान प्रोत्साहन ने लिया है और संसाधनों के अभाव का स्थान खेल सुविधाओं के विस्तार ने लिया है. गांव के खेल मैदानों और ब्लॉक स्तरीय मिनी स्टेडियम से लेकर जिला स्तरीय स्टेडियम, मंडल स्तरीय स्पोर्ट्स कॉलेज तथा मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय तक, बेटियों को अपनी प्रतिभा निखारने का सशक्त आधार मिल रहा है.’

योगी ने आगे लिखा कि ‘ओलंपिक, कॉमनवेल्थ एवं एशियन गेम्स के पदक विजेताओं को लाखों-करोड़ों के पुरस्कार, ‘पदक लाओ, पद पाओ’ के तहत सीधी भर्ती जैसी सुविधाएं खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहन, उपलब्धियों को सम्मान और भविष्य को सुरक्षा प्रदान कर रही हैं. इस परिवर्तन की गूंज अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर भी सुनाई दे रही है. एथलेटिक्स में पारुल चौधरी, प्रियंका गोस्वामी, प्राची चौधरी और अन्नू रानी, जूडो में अस्मिता डे, क्रिकेट में दीप्ति शर्मा और मेघना सिंह, हॉकी में वंदना कटारिया, कुश्ती में दिव्या काकरान ने कॉमनवेल्थ एवं एशियन गेम्स में अपने शानदार प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है. जय मां कात्यायनी.’

Related Articles

Back to top button