
सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर गोरखपुर सांसद और अभिनेता रवि किशन की चुटकी ली है। सीएम योगी ने कहा कि यूपी में अगर फिल्म सिटी होती तो रवि किशन को मुंबई भटकना नहीं पड़ता। वह तो घर पर मार से बचने के लिए भागे। जब कुछ नहीं मिला तो फिल्मों में घुस गए। उसी बहाने आज उनकी मेहनत रंग लाई और वह सफल हो पाए हैं।
गोरखपुर में लोगों को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘अगर फिल्म सिटी होती तो रवि किशन को मुंबई भटकना नहीं पड़ता। ये कलाकार थे। कलाकार को सम्मान मिलना चाहिए। लेकिन जब ये गए होंगे मुंबई तब इनको भी नहीं रहा होगा कि ये कलाकार बन पाएंगे। क्योंकि तब तो घर की मार से बचने के लिए घर से भाग गए। अब करना क्या है? कामधाम कुछ और आता नहीं तो चलो फिल्मों में ही काम करें और उस बहाने गए और वहां पर जाकर के अपनी मेहनत से आज वे सफल हो गए। लेकिन कितने युवा सफल हो पाते हैं? अनुमान करिए कितने रवि किशन सफल हो पाते। आज फिल्म सिटी यूपी में है। यूपी के नौजवान को कहीं बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है। फिल्म सिटी जैसे बनेगी यूपी के नौजवान को यूपी के अंदर ही रोजगार मिलेगा।’
रवि किशन और कालीबाड़ी वाले बाबा साथ करेंगे शूटिंग
गोरखपुर में लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसद रवि किशन और काली बाड़ी के महंत बाबा रविंद्र दास की चुटकी की। उन्होंने कहा कि विरासत गलियारा का निर्माण हो जाएगा तो छुट्टी के दिन सांसद रवि किशन और कालीबाड़ी के बाबा यही फिल्म की शूटिंग करेंगे। इस पर सभी ने ठहाके लगाए। उन्होंने मल्टीलेवल पार्किंग का जिक्र करते हुए कहा कि जहां आज गाड़ियां पार्क हो रही है, यहीं कालीबाड़ी के बाबा का प्रवचन भी आयोजित हो सकेगा। हम भी चुनाव में जनसभा कर लेंगे। सड़क जाम भी नहीं होगी।
रवि किशन तो कही भी नाच-गाकर कमा लेंगे
इससे पहले योगी आदित्यनाथ होलिका दहन के मौके पर गोरखपुर पहुंचे थे। यहां भी उन्होंने रवि किशन की चुटकी ली थी। उन्होंने कहा था, ‘रवि किशन कहीं भी नाचकर कमा सकते हैं लेकिन कालीबाड़ी वाले बाबा कहां कमाएंगे। जब आपकी समृद्धि होगी। तभी बाबा के पास भी कुछ आएगा। योगी के इस बात के बाद लोगों ने जमकर ठहाके लगाए। वहीं पास में बैठे सांसद और एक्टर रवि किशन भी सीएम की बात सुनकर मुस्कुराने लगे।’



