
दुर्ग। शादी के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का सुपेला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपी फेसबुक-इंस्टाग्राम पर कल्याण मैट्रिमोनी, एलिट मैच मैट्रिमोनी और फ्यूचर पार्टनर के नाम से फर्जी ब्यूरो चलाता था और ए आई से बनी काल्पनिक युवतियों की तस्वीरें दिखाकर लोगों से ठगी करता था।
पुलिस ने बताया कि 29 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उत्तर गंगोत्री भवन, यूनियन बैंक के पास एलिट मैच मैट्रिमोनी के नाम से फर्जी कॉल सेंटर चल रहा है। पुलिस ने दबिश दी तो संचालक परमानंद यादव (24) निवासी ओटेबंद अहिवारा, वर्तमान नेहरू नगर ईस्ट और 4 युवतियां काम करती मिलीं।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी सोशल मीडिया पर ए आई से बनी लड़कियों की फोटो और फर्जी नंबर डालकर विज्ञापन करता था। शादी के इच्छुक युवक संपर्क करते तो बायोडाटा लेकर पसंद की लड़की दिलाने का झांसा देता था। फिर मैरिज काउंसलर के नाम से क्यू आर कोड भेजकर 2,000 रुपये और अन्य राशि वसूल लेता था। पैसा मिलते ही नंबर ब्लैकलिस्ट कर देता था।
पुलिस ने बताया कि यह धंधा पिछले 3 महीने से चल रहा था, रोज 20 से 50 कॉल किए जाते थे। समन्वय पोर्टल पर उसके बैंक खातों के खिलाफ पहले से शिकायतें मिली हैं। युवतियों ने बताया कि उन्हें 7,000 रुपये वेतन पर मैरिज काउंसलर की नौकरी का झांसा देकर रखा गया था, 2 दिन की ट्रेनिंग दी गई थी।
पुलिस ने मौके से 22 कीपैड मोबाइल, 4 एंड्रॉयड मोबाइल (मोटोरोला, वनप्लस, आईफोन), 16 सिम, कंप्यूटर, वाई-फाई, विभिन्न बैंकों की चेकबुक, क्यू आर कोड, रजिस्टर और 1,64,000 रुपये नकद कुल 2,83,600 रुपये का सामान जब्त किया है।
आरोपी के खिलाफ धारा 317(2), 319(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी एस.एन. सिंह सहित टीम का योगदान रहा।



