
दुर्ग। प्रॉपर्टी सर्विस में काम करने के नाम पर सौभाग्य मेट्रोमोनियल में काम करा कर धोखाधड़ी करते हुए अवैध लाभ अर्जित करने वाले आरोपी के खिलाफ पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318 (4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता भावना गेंड्रे ने एम ए तक की पढ़ाई की है। एक पेपर में अर्बन एसोसिएट जलाराम होटल के पास आदर्श नगर दुर्ग का विज्ञापन प्रॉपर्टी सर्विस में काम करने के लिए निकला हुआ था। यह देख उसकी बड़ी बहन एवं प्रार्थिया जलाराम होटल के पास कार्यालय पहुंचकर अर्बन एसोसिएट के मालिक परमानंद यादव व मैनेजर सविता सेमरे से संपर्क किए थे।
उन्होंने 4500 रुपए प्रतिमाह व जमीन बिक्री होने पर 10% कमीशन की बात बोले थे। इन दोनों के जॉइनिंग करने के बाद एक और लड़की भी जॉइनिंग की थी। आरोपियों द्वारा इन्हें जमीन खरीदने वालों का नंबर देकर कॉल करने कहा जाता था। प्रॉपर्टी का काम करने के बाद आरोपी द्वारा दिए गए मोबाइल में प्रॉपर्टी के अतिरिक्त मेट्रोमोनियल से संबंधित कॉल भी आने लगे थे।
इस संबंध में जब कंपनी के मालिक परमानंद यादव से जानकारी चाही तो उन्होंने बताया कि आप लोगों को यह भी काम करना पड़ेगा। इस पर सभी कर्मी रजिस्ट्रेशन अमाउंट को नोट करते थे और उसके बाद सर्विस प्रोवाइडर सविता सेमरे रजिस्ट्रेशन कस्टमर का फॉर्मेट तैयार करती थी। कई लोगों से हजारों रुपए की रकम रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर जमा कराई गई थी। कई लोगों को शादी का झांसा देकर फंसाया जा रहा था। इन लोगों को प्रॉपर्टी के नाम से कॉलिंग करवाने के लिए रखा गया था परंतु दूसरे काम कराये जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



